बरहरवा, प्रतिनिधि।
बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 47.160 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 36,540 रुपये बताई गई है। बरामद शराब की मात्रा व्यावसायिक श्रेणी की होने के कारण दोनों को गिरफ्तार कर उत्पाद विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बरहरवा रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल के समीप दो संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग एवं अन्य सामान के साथ खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर के निर्देश पर एएसआई जे.के. दुबे, कांस्टेबल मृत्युंजय कुमार, अनिल कुमार साह, अजय कुमार तथा अमित धर चौधरी की टीम गठित की गई। इसके बाद इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान वेटिंग हॉल के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। पूछताछ के क्रम में दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और अपने सामान की जांच कराने में आनाकानी करने लगे। उनके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए आरपीएफ टीम ने यात्रियों की मौजूदगी में उनके बैगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
आरपीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी परशुराम राय (30 वर्ष), निवासी राजौरा, थाना मुफस्सिल, जिला बेगूसराय (बिहार) के बैग से ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की के कुल 86 पाउच बरामद किए गए। इनमें पिट्ठू बैग से 66 पाउच तथा प्लास्टिक बैग से 20 पाउच मिले। कुल 15.480 लीटर शराब की कीमत लगभग 12,040 रुपये आंकी गई है।
वहीं दूसरे आरोपी विकेश ठाकुर (39 वर्ष), निवासी खम्हार, थाना मुफस्सिल, जिला बेगूसराय (बिहार) के दो ट्रॉली बैगों से कुल 176 पाउच विदेशी शराब बरामद की गई। एक बैग से 93 तथा दूसरे से 83 पाउच मिले। कुल 31.680 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 24,500 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ ने जब्ती सूची के अनुसार बरामद विदेशी शराब एवं उसे रखने वाले बैगों को विधिवत जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-01 स्थित वेटिंग हॉल के आसपास मौजूद लोगों से स्वतंत्र गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन कोई भी व्यक्ति आगे नहीं आया। इसके बावजूद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्ती कार्रवाई संपन्न की गई।
आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि बरामद शराब की मात्रा निर्धारित व्यक्तिगत सीमा से कई गुना अधिक है, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि दोनों आरोपी रेलवे मार्ग से अवैध रूप से व्यावसायिक उद्देश्य के लिए शराब की तस्करी कर रहे थे। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
कार्रवाई के उपरांत गिरफ्तार आरोपियों, जब्त शराब, जब्ती सूची, गिरफ्तारी ज्ञापन तथा लिखित शिकायत को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, साहिबगंज के उपनिरीक्षक दीपक कश्यप को सौंप दिया गया है। मामले में उत्पाद विभाग द्वारा आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ की इस कार्रवाई को रेलवे के माध्यम से होने वाली अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।