बरहरवा, संवाददाता।
भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि मंगलवार को बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-01 स्थित जोगी टोला में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष राजकुमार भगत उर्फ रविन्द्र ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर धूप-अगरबत्ती जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर कुसुमाकर तिवारी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था का विरोध करते हुए राष्ट्रीय एकता के लिए संघर्ष किया। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
भाजपा नगर अध्यक्ष राजकुमार भगत ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा के महामंत्री प्रदीप भगत एवं संजय रमानी, उपाध्यक्ष मंजू देवी, जयदेव महतो एवं कुसुमाकर तिवारी, मंत्री संतोष भगत, कपिल सिंह, टिंकू सहा, रामकुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।