बरहेट, संवाददाता।
झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को बरहेट प्रखंड मुख्यालय सभागार में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अंशु कुमार पांडे ने की। इस अवसर पर नवनियुक्त एडीसी विजय कुमार भी उपस्थित रहे।

बैठक में बीडीओ अंशु कुमार पांडे ने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी कर्मियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, वहीं किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होने पाए।
बीडीओ ने बताया कि आगामी 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण करेंगे। इसके लिए सभी बीएलओ को फॉर्म भरने की प्रक्रिया, मतदाताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने तथा पूर्व की मतदाता सूची के साथ मैपिंग करने संबंधी सभी बिंदुओं की समुचित जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित और जागरूक बीएलओ ही क्षेत्र में जाकर मतदाताओं के बीच फैली किसी भी प्रकार की भ्रांतियों और भ्रामक सूचनाओं को दूर कर सकेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व में तैयार विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही, ऐसे मतदाताओं का विवरण उनके पुत्र-पुत्रियों के लिए अभिभावक प्रमाण के रूप में भी मान्य माना जाएगा।
बैठक के दौरान बीडीओ ने मैपिंग प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता किसी भी प्रकार की गलत जानकारी देकर मैपिंग कराने का प्रयास न करें। यदि सत्यापन के दौरान जानकारी में विसंगति पाई जाती है, तो संबंधित मतदाता को ‘एनोमलीज’ (विसंगति) की श्रेणी में चिह्नित किया जा सकता है, जिससे आगे की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जा सके।
बैठक में नोडल पदाधिकारी रुकेष गुप्ता, सुपरवाइजर आदित्य भगत, कंप्यूटर ऑपरेटर अभिषेक कुमार सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य कर्मी उपस्थित थे। निर्वाचन अधिकारियों ने अभियान की सफलता के लिए सभी कर्मियों से समन्वित एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया।