बरहरवा, प्रतिनिधि।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को संथाल परगना दौरे के दूसरे दिन साहिबगंज जिले के सीमावर्ती बरहरवा प्रखंड पहुंचकर निर्वाचन संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्लस-2 उच्च विद्यालय, बरहरवा में आयोजित बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट-2) प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और प्रतिभागियों की तैयारियों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) स्तर पर संचालित प्रशिक्षण सत्र का अवलोकन करते हुए प्रशिक्षुओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी प्राप्त की। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान दिए जा रहे तकनीकी एवं व्यवहारिक ज्ञान की समीक्षा भी की।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची होती है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा त्रुटियों के निराकरण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में बीएलए-2 की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि वे राजनीतिक दलों और निर्वाचन तंत्र के बीच समन्वय स्थापित करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने सभी संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची के शुद्धीकरण एवं अद्यतन कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए, इसके लिए सभी पक्षों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीएलए-2 को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम एवं पते में त्रुटियों के संशोधन, मतदाता सूची से नाम विलोपन तथा निर्वाचन आयोग के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने उन्हें फॉर्म भरने की प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन और निर्वाचन संबंधी नियमों के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर बरहरवा प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रगति, मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की वर्तमान स्थिति तथा आगामी निर्वाचन तैयारियों से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण बनाने पर विशेष बल दिया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी गतिविधियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।