गोड्डा में चोरी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार मोटरसाइकिल बरामद
गोड्डा। जिले में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और चोरी के मामलों में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में गोड्डा नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 146/26 में आरोपी सोनू उर्फ मो. अरवाज शेख उर्फ मोनू उर्फ वीरा, निवासी फसिया डंगाल, गोड्डा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान लोडेड देसी कट्टा और चोरी की दो बैटरी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने और उनके इंजन व चेचिस नंबर को छेड़छाड़ कर कम कीमत में बेचने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें होंडा एसपी, हीरो एचएफ डीलक्स, टीवीएस स्पोर्ट और स्प्लेंडर सहित अन्य बाइक शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।