रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से चार वर्षीय विवान कुमार के अपहरण मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
24 सितंबर की सुबह स्टेशन परिसर के बाहर से बच्चे के अचानक गायब होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। बच्चे की बरामदगी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और लगातार पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पहले एक आरोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद साहिबगंज पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए तीनपहाड़ इलाके से अपहृत विवान कुमार को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस की जांच में बच्चों के जरिए मोबाइल चोरी कराने और चोरी के मोबाइल को दूसरे स्थानों पर खपाने से जुड़े कई अहम तथ्य भी सामने आए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।