गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहेबगंज
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “सभी का हो आधार” को गति प्रदान करने के उद्देश्य से आज साहिबगंज जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं जिला मुख्यालय स्थित स्थायी आधार केंद्रों पर विशेष आधार कैम्प का आयोजन किया गया। यह कैम्प यू0आई0डी0ए0आई0, सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग तथा शिक्षा विभाग, राँची के संयुक्त निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

इस विशेष अभियान का मुख्य लक्ष्य पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों, स्कूली बच्चों तथा विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों का नया आधार पंजीकरण एवं आवश्यक अपडेट सुनिश्चित करना है। कैम्प के दौरान आँगनवाड़ी केन्द्रों के बच्चे, सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी एवं केंद्रीय विद्यालय, साहिबगंज के बच्चों का आधार पंजीकरण, मेंडेटरी बायोमैट्रिक अपडेट एवं मोबाइल नंबर अपडेट जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं।
जिला परियोजना पदाधिकारी, यू0आई0डी0 साहिबगंज श्री संदीप कुमार ने कार्यक्रम का पर्यवेक्षण किया। उन्होंने सभी आधार सुपरवाइजरों को आधार नियमावली का पूर्णत: पालन करने तथा सावधानीपूर्वक पंजीकरण कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया। श्री कुमार ने अभिभावकों को बच्चों के आधार पंजीकरण एवं अपडेट की प्रक्रिया से भली-भांति अवगत कराने पर भी विशेष जोर दिया।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग, शिक्षा विभाग तथा महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग, राँची के निर्देशानुसार यह अभियान सैचुरेशन मोड में संचालित किया जा रहा है। लक्ष्य है कि फरवरी 2026 तक जिले के सभी पात्र बच्चों का आधार पंजीकरण एवं आवश्यक अपडेट कार्य पूर्ण कर लिया जाए।

इस विशेष कैम्प को लेकर अभिभावकों में उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में माता-पिता अपने बच्चों के साथ विभिन्न आधार केंद्रों पर पहुँचे और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई। बच्चों के लिए आधार कार्ड को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि आधार पंजीकरण के इस अभियान से जिले के प्रत्येक बच्चे को सरकारी योजनाओं से जोड़ना आसान होगा। विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं, छात्रवृत्ति एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बच्चों तक सीधे पहुँच सकेगा।