गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय तक एक दिवसीय आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व बरहरवा मंडल अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने किया तथा कार्यक्रम के प्रभारी भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कमल कृष्ण भगत रहे।

कार्यकर्ताओं ने सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या की सीबीआई जांच कराने और नगड़ी रैयतों की जमीन किसानों को वापस दिलाने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और सरकार के संरक्षण में अपराधी व माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा लोकतांत्रिक तरीके से राजनीति में सक्रिय थे और गरीब बच्चों की शिक्षा-भोजन की व्यवस्था करते थे, बावजूद इसके उन्हें फर्जी एनकाउंटर में मार दिया गया। वहीं नगड़ी में रैयतों की खेती योग्य जमीन को अधिग्रहण कर सरकार किसानों को उजाड़ने पर आमादा है।
प्रदर्शन में जिला महामंत्री कुसुमाकर तिवारी, कोटालपोखर मंडल अध्यक्ष बप्पी निर्मल प्रसाद, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्यामल दास सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
