36वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिले से 10 खिलाड़ी चयनित
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के निर्देशानुसार झारखंड एथलेटिक्स संघ, रांची द्वारा आयोजित 36वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 24 सितम्बर तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी, रांची में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, बिहार, असम, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की टीमें भाग लेंगी।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए झारखंड राज्य की टीम की घोषणा की गई है, जिसमें जिले से कुल 10 प्रतिनिधि (9 खिलाड़ी व 1 प्रशिक्षक) को शामिल किया गया है। इनमें से 5 एथलीट आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, सिदो कान्हु स्टेडियम से तथा कुछ खिलाड़ी डे बोर्डिंग केंद्र के पूर्व एथलीट हैं। पहली बार जिले से इतनी संख्या में खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जो जिले के लिए गर्व का विषय है।

प्रतियोगिता से पूर्व खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड की ओर से 11 से 21 सितम्बर तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, रांची में विशेष कोचिंग कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिले के चयनित खिलाड़ी भी इस विशेष शिविर में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो चुके हैं।
चयनित खिलाड़ियों की सूची
बालक अंडर 14 : संतोष मुर्मू – ट्रायथलॉन ग्रुप–ए
बालक अंडर 16 : परमा हांसदा – पेंटाथलन एवं लंबी कूद
बालक अंडर 16 : एमानुएल किस्कू – 80 मीटर हर्डल्स
बालक अंडर 20 : सोनोत मरांडी – 5000 मीटर, 3000 मीटर स्टीपलचेस
बालक अंडर 16 : पृथ्वी राज मंडल – जेवलिन थ्रो
बालक अंडर 18 : विवेक यादव – जेवलिन थ्रो
बालक अंडर 20 : नीरज यादव – जेवलिन थ्रो
बालिका अंडर 16 : काजल कुमारी – जेवलिन थ्रो
बालिका अंडर 20 : हुस्न आरा प्रवीण – लंबी कूद
प्रशिक्षक (राज्य टीम) : योगेश यादव
उपायुक्त ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
खिलाड़ियों को प्रतियोगिता एवं कैंप के लिए रवाना करने से पूर्व उपायुक्त श्री हेमंत सती ने समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में उनसे मुलाकात की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। श्री सती ने कहा कि जिले से खिलाड़ियों का बड़ी संख्या में राज्य टीम में शामिल होना खेल प्रतिभा की मजबूत नींव को दर्शाता है।
राज्य स्तरीय खेल महोत्सव में भी मिला सम्मान
गौरतलब है कि हाल ही में 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेल महोत्सव (29–31 अगस्त) में भी जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर ऊँची कूद में जमादार केरई ने रजत पदक तथा लंबी कूद में संतोष मुर्मू ने कांस्य पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक योगेश यादव समेत खेल विभाग के अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।