गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में 10 अक्टूबर को हुई लूटपाट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, राधानगर थाना क्षेत्र के फुदकीपुर गांव निवासी राजेश कर्मकार और उसके मित्र देवराज दास के साथ तीन अज्ञात अपराधियों ने जिलेबिया घाटी के समीप मारपीट कर उनके पास से पैसे, दो बैग और कपड़े सहित अन्य कीमती सामान लूट लिया था। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने मामले के शीघ्र उद्भेदन का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशोर तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने लगातार तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया।
इस क्रम में पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के पुरानी साहिबगंज कुम्हारपटी निवासी भोला कुमार (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूट का सामान — दो बैग, कपड़े और पीड़ित का आईडी कार्ड बरामद किया है।
इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार कुशवाहा ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि “जिलेबिया घाटी लूटपाट कांड में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लूटे गए सामान का अधिकांश हिस्सा बरामद कर लिया गया है। फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।”
पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष दोनों फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

