गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस (रजत जयंती) के उपलक्ष्य में आज मंडरो प्रखंड परिसर में किसानों के लिए विशेष बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पिंडरा पंचायत के क्लस्टर—पहाड़पुर, धोखुटी एवं माथाडीह गांवों के कुल 57 किसानों के बीच राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत चना बीज (प्रभेद GNG-2207) का वितरण किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी मेघनाथ उरॉंव, पिंडरा पंचायत की मुखिया पकू मुर्मू, तथा आत्मा साहिबगंज के उप परियोजना निदेशक मंटू कुमार ने संयुक्त रूप से किया। रजत जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित यह किसान-केंद्रित गतिविधि ग्रामीण कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
इस दौरान प्रखंड तकनीकी प्रबंधक कंचन कुमार सुमन ने किसानों को चना की वैज्ञानिक खेती से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को खेती की तैयारी, मिट्टी की जांच, बीज उपचार और उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग जैसे विषयों पर जागरूक किया। साथ ही आत्मा एवं कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न किसानोपयोगी योजनाओं व प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में सहायक तकनीकी राजेश्वर मुर्म, कृषक मित्र मनोज मड़ैया, सहदेव, छोटा चरण सहित लगभग 80 किसान—जिनमें मकू बेसरा, विटिया मरांडी, मरांग कड़ी किस्कू, मयकू टुडू आदि शामिल थे—उपस्थित रहे। कृषकों ने आधुनिक तकनीकों एवं उन्नत बीजों के उपयोग को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
स्थानीय प्रशासन एवं कृषि तकनीकी अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह कार्यक्रम किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ वैज्ञानिक खेती की ओर प्रेरित करेगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

