गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहेबगंज।
श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड, राँची के तत्वावधान में आज सिद्धो–कान्हू सभागार, साहेबगंज में जिला नियोजनालय–सह–मॉडल कैरियर सेंटर द्वारा एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेला में बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की और अपने कौशल एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशे।

मेले में कुल 16 प्रतिष्ठित नियोजक पहुंचे, जिनमें से 06 निजी क्षेत्र के नियोजक साहेबगंज जिले से शामिल हुए। विभिन्न कंपनियों की ओर से Sales Executive, Manager, Computer Operator, Sales Development Executive, Mobilizer, GDA Trainer, SMO Trainer, Digital Mitra, Assistant Electrician, MIS, Machine Operator, Driver, Security Guard, BDM, Trainee Operator, Fitter, Carpenter, Mason, Helper, Apprentice Trainee सहित 2430 रिक्तियों के लिए नियोजन प्रक्रिया संचालित की गई।

रोजगार मेला में आए नियोजकों ने 166 अभ्यर्थियों का चयन किया, वहीं 256 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके साथ ही उद्योग विभाग, जेएसएलपीएस एवं RSETI की ओर से 119 अभ्यर्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे युवाओं को भविष्य के विकल्पों के बारे में आवश्यक मार्गदर्शन मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त श्री सतीश चन्द्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद उन्होंने चयनित 06 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। डीडीसी ने अपने संबोधन में कहा कि “जिला प्रशासन युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार से जोड़ने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे आयोजन युवाओं को नए अवसरों से जोड़ने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।”

कार्यक्रम में जिला नियोजन पदाधिकारी–सह–जिला कौशल पदाधिकारी श्री मनोज मनजीत ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए रोजगार मेला के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला।

रोजगार मेला के सफल संचालन में जय प्रकाश सिन्हा (उ० व० लिपिक), राजीव रंजन कुमार, सुरज मालपहाड़िया, अमित कुमार गुप्ता, राजेन्द्र कुमार, राजहंस, स्किल सेंटर के प्रशिक्षकगण एवं अन्य कार्यालय कर्मियों का विशेष योगदान रहा।
