गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
साहिबगंज पुलिस ने देर रात एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता पाई है। तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के मछली पट्टी के पास पुलिस ने दो युवकों को स्कूटी सहित गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 06 आईफोन और 02 एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग पाँच लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक को 05 नवम्बर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी के मोबाइल लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजमहल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एंटी क्राइम चेकिंग लगाई। देर रात करीब 01:00 बजे एक स्कूटी पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी में दोनों के पास मोबाइल फोन और स्कूटी की डिक्की से छह आईफोन बरामद किए गए।

इस संबंध में तीनपहाड़ थाना कांड संख्या 150/2025 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों — मन्नु कुमार उर्फ मन्नु महतो (18) और संदीप कुमार उर्फ संदीप नोनिया (18) — को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पाण्डेय, महेन्द्र कुमार, ललन रजवार, मो. मुन्ना एवं अनील कुमार साह शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण हेतु ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
