होली पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला स्तरीय बैठक संपन्न।
*आगामी होली पर्व के मद्देनज़र जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार, गोड्डा में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।*
*जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त ने निर्देश दिया कि होली पर्व के दौरान सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण कर विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।*
*पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार ने निर्देशित किया कि सभी थाना क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाए तथा गश्ती दलों को सक्रिय रखा जाए। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी एवं ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।*
*बैठक में निर्णय लिया गया कि होलिका दहन स्थलों की पूर्व समीक्षा कर अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रखा जाएगा। विद्युत विभाग को जर्जर तारों की मरम्मत एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही चिकित्सा विभाग को आपातकालीन सेवाएं सुदृढ़ रखने तथा एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।*
*जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में होली पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या जिला नियंत्रण कक्ष को दें।*
*जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से यह आश्वस्त किया गया कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।*
*बैठक में उपविकास आयुक्त गोड्डा श्री दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता गोड्डा श्रीमती प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी श्री बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अशोक प्रियदर्शी, संबंधित प्रखंडो के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, संबंधित थानों के थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।*