विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन, टीबी उन्मूलन को लेकर सामूहिक प्रयासों पर बल
उपायुक्त के द्वारा 5 टीबी (क्षय रोग) मरीजों को ‘निक्षय मित्र’ पहल के तहत गोद लेते हुए उनके उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान करने का लिया गया संकल्प
विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय सभागार, गोड्डा में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। *कार्यशाला का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त गोड्डा श्रीमती अंजली यादव,नगर परिषद अध्यक्ष, श्री सुशील रमानी, एवं नगरपरिषद उपाध्यक्ष श्रीमती पूजा तिवारी सिविल सर्जन गोड्डा डॉ0 एससी शर्मा के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि यक्ष्मा (टीबी) एक गंभीर लेकिन पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वर्ष 2025 तक टीबी उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे प्राप्त करने के लिए सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।*
*कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इस वर्ष 2026 को विश्व यक्ष्मा दिवस पर यक्ष्मा उन्मूलन संबंधित Theme है :-*
*”Yes! We Can End TB. Led by Bharat. Powered by Janbhagidari.”*
*“हां ! हम टीबी को खत्म कर सकते हैं। भारत के नेतृत्व में। जनभागीदारी के समर्थन से।”*
*उन्होंने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि टीबी के संभावित मरीजों की पहचान शीघ्रता से सुनिश्चित करें तथा उन्हें समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएं। साथ ही, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने एवं पोषण सहायता सहित सरकार द्वारा प्रदत्त सभी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।*
*“कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त द्वारा 5 टीबी (क्षय रोग) मरीजों को ‘निक्षय मित्र’ पहल के तहत गोद लेते हुए उनके उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया गया।”इस अवसर पर उपायुक्त के द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों को टीबी उन्मूलन हेतु जागरूकता अभियान को और तेज करने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को जांच हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।*
*कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्री सुशील रमानी एवं उपाध्यक्ष श्रीमती पूजा तिवारी के द्वारा राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी को समाप्त करने के लिए संकल्प लिया गया।*
*कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन, गोड्डा श्री एससी शर्मा द्वारा कार्यशाला में टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में चल रही गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जिले में टीबी मरीजों की पहचान, जांच, उपचार एवं फॉलोअप की प्रक्रिया को सुदृढ़ किया जा रहा है। साथ ही, निक्षय पोषण योजना के तहत लाभुकों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।*
*कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा यक्ष्मा के लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने बताया कि लगातार खांसी, वजन में कमी, बुखार एवं कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराना आवश्यक है।*
*राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025 में भारत सरकार के विभिन्न मापदण्डों के अनुसार जिले के सतरह पंचायत टी०बी० मुक्त घोषित किए गए थे। जिनमें सतरह पंचायतों के मुखिया को उपायुक्त , गोड्डा के द्वारा प्रमाण पत्र एवं महात्मा गांधी का प्रतिमा देकर आज विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित किया गया।साथ ही उपायुक्त के द्वारा अपने जीवनकाल में क्षयरोग समाप्त करने की शपथ दिलाते हुए उपस्थित अधिकारियों को टी०बी० से स्वयं को, अपने परिवार को, अपने सहकर्मी को और पड़ोसी को बचाने की शपथ,लोगों को खांसने के सही तरीके का पालन करने के लिए प्रेरित करने की शपथ,अपने गांव, अपने जिले, अपने राज्य और अपने देश को टीबी मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।*
कार्यशाला में जिला स्तर के विभिन्न पदाधिकारीगण ,चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, शहरी सहिया ,संबंधित विभागों के प्रतिनिधिगण एवं मौजूद रहें।