गिरिडीह। नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 में मतदान प्रारंभ होने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिला नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण किया।
गिरिडीह। नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 में मतदान प्रारंभ होने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिला नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संचार प्रणाली, हेल्पलाइन, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और मतदान केंद्रों से प्राप्त अद्यतन रिपोर्ट का गहन अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रत्येक बूथ से समय-समय पर मतदान प्रतिशत की रिपोर्ट संकलित कर प्रसारित की जाए, ताकि समग्र स्थिति पर नजर बनी रहे।
डीईओ ने कहा कि कंट्रोल रूम निर्वाचन की केंद्रीय इकाई है, जहां से जिले की सभी गतिविधियों का समन्वय होता है। शिकायत, तकनीकी समस्या या कानून-व्यवस्था की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। विशेष रूप से संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों पर सतत निगरानी रखें तथा सुरक्षा बलों से समन्वय बनाये रखें।
उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी पैनी नजर रखने का आदेश दिया। कंट्रोल रूम कर्मियों से संवाद कर उनकी जिम्मेदारियों की समीक्षा की और दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने जोर देकर कहा कि पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध कार्रवाई ही सफल चुनाव की कुंजी है।
निरीक्षण में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी तेज कुमार हांसदा, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।