गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री (किसान मोर्चा) बजरंगी प्रसाद यादव के नेतृत्व में साहिबगंज जिले के जोंकमारी, महादेवगंज में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आदिम जनजाति के वरिष्ठ सदस्य सूर्या पहाड़िया एवं उनकी पत्नी से केक कटवाकर की गई। इस पहल ने कार्यक्रम को विशेष और भावनात्मक बना दिया, जिससे जनजातीय समाज में हर्षोल्लास का वातावरण देखा गया।

इस अवसर पर साहिबगंज ग्रामीण क्षेत्र के उत्कृष्ट किसानों एवं देश की सेवा में समर्पित जवानों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का उद्देश्य समाज के इन वास्तविक नायकों के योगदान को पहचान देना और उनका मनोबल बढ़ाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव ने कहा कि “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। अपनी दूरदर्शी सोच और निर्णायक कार्यों के बदौलत वे सिर्फ देश के प्रधानसेवक ही नहीं बल्कि एक युग के राजनेता बन चुके हैं। उनके नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है।”

इस मौके पर भाजपा साहिबगंज के जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल, पूर्व जिला अध्यक्ष रणधीर सिंह, प्रदीप अग्रवाल, अनुराग राहुल, सत्य प्रकाश सिन्हा, कृष्ण कुमार शर्मा एवं हीरेन तांती सहित सैकड़ों की संख्या में आदिम जनजाति पहाड़िया समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और निरंतर नेतृत्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
साहिबगंज में आयोजित यह आयोजन न सिर्फ प्रधानमंत्री के जन्मदिन का उत्सव था, बल्कि जनजातीय समाज, किसान एवं जवानों को साथ लेकर “सेवा ही संगठन” की भावना को मजबूती प्रदान करने वाला संदेश भी साबित हुआ।
