गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वाधान में दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन, साहिबगंज में शुक्रवार को स्वर्गीय शिबू सोरेन के सम्मान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय शिबू सोरेन के विशाल छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। श्रद्धांजलि अर्पित करने के क्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजनों ने उन्हें झारखंड की आत्मा और आदिवासी समाज के महानायक के रूप में याद किया।

सभा को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि “झारखंड का निर्माण गुरुजी के अथक संघर्ष और त्याग का परिणाम है। उनके मार्गदर्शन और सानिध्य के पल आज भी मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूँजी हैं।” पंकज मिश्रा कुछ क्षण के लिए मंच पर अपने भावों को रोक नहीं पाए और उनकी आँखें नम हो गईं।
वहीं लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने गुरुजी को “महान क्रांतिकारी, आदिवासियों के मार्गदर्शक और जन-जन के नेता” की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के संघर्ष और जीवन मूल्यों से आने वाली पीढ़ियाँ सदैव प्रेरणा लेती रहेंगी।
इस अवसर पर बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, भाजपा नेता बजरंगी यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बरकत खान, वरिष्ठ पत्रकार रामजन्म मिश्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने गुरुजी को नमन करते हुए कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
नगर भवन में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में आम नागरिकों की भी भारी भागीदारी रही। सभा के दौरान पूरे माहौल में गुरुजी के संघर्ष और योगदान का स्मरण किया गया, जिससे उपस्थित जनमानस भावविभोर हो उठा।

