मिज़ोरम से सीधे साहेबगंज का रेल संपर्क, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर आरंभ की गई बैराबी–सैरांग रेलवे लाइन अब पूरे देश के लिए ऐतिहासिक महत्व रखती है। इसी कड़ी में राजधानी एक्सप्रेस (02057) का शुभारंभ हुआ, जिसने पहली बार मिज़ोरम को सीधे झारखंड के साहेबगंज से जोड़ दिया।

आज साहेबगंज स्टेशन पर राजमहल के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा के साथ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने ट्रेन का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि साहेबगंज जैसे सीमावर्ती जिले तक राजधानी एक्सप्रेस का पहुँचना ऐतिहासिक उपलब्धि है।

“पूर्वोत्तर से झारखंड तक एक नया पुल”
स्थानीय नेताओं ने कहा कि यह रेल संपर्क न केवल यात्री सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति देगा। मिज़ोरम जैसे पूर्वोत्तर राज्य से साहेबगंज का जुड़ना देश के अंतिम छोर से गंगा किनारे बसे इस जिले तक एकता और विकास की नई राह खोलेगा।
स्वागत समारोह में उमड़ा उत्साह
साहेबगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। उन्होंने ट्रेन का गर्मजोशी से स्वागत कर अपने उत्साह का इज़हार किया। फूलमालाओं से राजधानी एक्सप्रेस का अभिनंदन किया गया।
स्थानीय जनता को मिलेगी बड़ी सुविधा
राजधानी एक्सप्रेस के साहेबगंज तक विस्तार से स्थानीय यात्रियों को दिल्ली और अन्य महानगरों तक सीधे पहुँचने का अवसर मिलेगा। इससे व्यापारियों, छात्रों और रोज़ाना यात्रियों को खास लाभ होगा।