झारखंड/ साहिबगंज
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज जयंती ग्राम में बीते गुरुवार की रात हुई राजकुमार यादव की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को रांची से गिरफ्तार कर लिया है।
सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हत्या कांड की जांच में पुलिस लगातार जुटी हुई थी और तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन रांची में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को राँची से धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी बिट्टू यादव उर्फ अहिरा यादव के द्वारा घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

गौरतलब है कि महादेवगंज जयंती ग्राम में 40 वर्षीय राजकुमार यादव उर्फ बुगली यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की गहन जांच शुरू कर दी थी।
परिजनों के अनुसार, गोली राजकुमार यादव के ललाट में मारी गई थी जो पीछे से निकल गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया था। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी जमीन विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द पूरे मामले का खुलासा कर शेष आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
मृतक राजकुमार यादव अपने पीछे एक 10 वर्षीय पुत्र आदित्य यादव और अपनी बुजुर्ग मां को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी उन्हें करीब आठ वर्ष पूर्व छोड़कर चली गई थी। हत्या के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को सजा दिलाने की दिशा में कदम उठाएगी।