
साहिबगंज, प्रतिनिधि।
रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर साहिबगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन की ओर से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल ने संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया तथा असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों द्वारा शांति भंग करने की किसी भी कोशिश पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अभ्यास किया। इस दौरान पुलिस जवानों को विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने स्वयं पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
एसपी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि रामनवमी जैसे पावन पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से यह भरोसा दिलाया है कि रामनवमी का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जाएगा।

