उपायुक्त की अध्यक्षता में केवीके गोड्डा में “सीड एंड फूड फेस्टिवल” का आयोजन
जिला कृषि विज्ञान केंद्र, गोड्डा में उपायुक्त गोड्डा श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में बदलाव फाउंडेशन के पहाड़िया स्वावलंबन कार्यक्रम के अंतर्गत “सीड एंड फूड फेस्टिवल” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय पारंपरिक बीजों के संरक्षण, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा पहाड़िया समुदाय की आजीविका को सशक्त बनाना था। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त श्रीमती अंजली यादव ने विभिन्न स्वयं सहायता समूहों, किसान समूहों तथा पहाड़िया समुदाय के लोगों द्वारा लगाए गए पारंपरिक बीजों, स्थानीय खाद्य पदार्थों एवं कृषि उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक बीजों के संरक्षण और स्थानीय खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि पारंपरिक बीज और स्थानीय खाद्य प्रणाली हमारी कृषि विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण से न केवल जैव विविधता सुरक्षित रहती है, बल्कि किसानों की आत्मनिर्भरता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि पहाड़िया स्वावलंबन कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समुदाय को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। उपायुक्त ने उपस्थित किसानों एवं महिला समूहों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे पारंपरिक खेती, जैविक उत्पादन तथा पोषक आहार को बढ़ावा दें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित खाद्य प्रणाली सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में कृषि आधारित आजीविका को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं पहाड़िया समुदाय के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा पारंपरिक बीजों के आदान-प्रदान की प्रक्रिया भी संपन्न हुई। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के स्थानीय बीजों, मोटे अनाज, सब्जियों, फल तथा पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने उपस्थित लोगों को स्थानीय कृषि एवं खाद्य संस्कृति की समृद्ध परंपरा से अवगत कराया।
जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार के आयोजनों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पारंपरिक ज्ञान को संरक्षित करने तथा जनजातीय समुदाय के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम में कृषि पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, जिला उद्योग पदाधिकारी,जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी गब्य पदाधिकारी , जेएस एलपीएस के डीपीएम ,बदलाव फाउंडेशन के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान, महिला समूह की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।