प्रमंडल स्तरीय किशोरी फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में सुन्दरपहाड़ी ने लहराया परचम
सामाजिक संगठन “साथी” द्वारा किशोरी सशक्तिकरण योजना के तहत प्रमंडल स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन गोड्डा कॉलेज मैदान में किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सुन्दरपहाड़ी की टीम ने बोआरीजोर की टीम को 1-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव द्वारा फुटबॉल को किक मारकर किया गया। इससे पूर्व मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्रीमती अंजली यादव ने किशोरियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुदूर क्षेत्रों से किशोरियों का खेल के माध्यम से प्रमंडल स्तर तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि वे सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक सशक्त संदेश है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगे बढ़ने एवं जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि दूरदराज की किशोरियां फुटबॉल जैसे खेल में भाग लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दे रही हैं। उन्होंने “साथी” संस्था के इस प्रयास की सराहना की।
गोड्डा कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य श्री विवेकानंद सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन किशोरियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को खेल के साथ-साथ शिक्षा पर भी ध्यान देने की सलाह दी।
बाल कल्याण समिति के सदस्य मो. असगर अली ने कहा कि उचित अवसर मिलने पर ये बच्चियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। संरक्षण पदाधिकारी श्री ओमप्रकाश ने बाल विवाह उन्मूलन के लिए ऐसे आयोजनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया तथा जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की अपील की।
साथी संस्था के निदेशक श्री कालेश्वर मंडल ने बताया कि संस्था बाल अधिकार, महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका के क्षेत्र में कार्यरत है तथा वर्ष 2030 तक गोड्डा को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन पिंकी बास्की द्वारा एवं धन्यवाद ज्ञापन विभास चंद्र द्वारा किया गया।

