गोपाल शर्मा
झारखंड/ पाकुड़।
उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देशानुसार खनन विभाग की टीम ने गुरुवार को पाकुड़िया अंचल क्षेत्र में स्थित विभिन्न खनन चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण किया।
खनन निरीक्षक श्री सुबोध सिंह एवं श्री नवीन कुजूर के नेतृत्व में गणपुरा, बेनाकुड़ा, पाकुड़िया थाना परिसर स्थित चेकपोस्ट तथा राधानगर चेकपोस्ट का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने वाहनों की आवाजाही, चालान की वैधता, परिवहन अनुमति पत्र, रॉयल्टी स्लिप सहित सभी संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की। साथ ही मौके पर उपस्थित कर्मियों को यह निर्देश दिया गया कि किसी भी वाहन को बिना वैध दस्तावेज के परिवहन की अनुमति न दी जाए तथा खनिज परिवहन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
खनन निरीक्षक सुबोध सिंह ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि निरीक्षण के दौरान चेकपोस्टों पर आवश्यक अभिलेखों के संधारण, निगरानी रजिस्टर के अद्यतन तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने चेकपोस्ट कर्मियों को नियमित अभिलेख संधारण और निगरानी को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही खनन निरीक्षक ने यह जानकारी दी कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा लगाए गए प्रतिबंध की अवधि 15 अक्टूबर को समाप्त हो चुकी है। इस आलोक में खनन एवं परिवहन कार्यों की वर्तमान स्थिति का भी विस्तृत अवलोकन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
खनन विभाग द्वारा किए जा रहे इस तरह के सतत निरीक्षणों से जिले में खनन कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की उम्मीद जताई जा रही है।