साहिबगंज, प्रतिनिधि।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), साहिबगंज की ओर से रविवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर योग के महत्व को आत्मसात किया।
इस अवसर पर आयोजित योग सत्र में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने वाले विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का मानसिक संतुलन बेहतर होता है और जीवन में अनुशासन तथा आत्मबल का विकास होता है। उन्होंने सभी लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार एवं द आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से राज्य के विभिन्न कारागारों, ऑब्जर्वेशन होम, शेल्टर होम तथा वृद्धाश्रमों में भी योग सत्र आयोजित किए गए। इसी क्रम में साहिबगंज जिले के मंडल कारा, उपमंडल कारा, वृद्धाश्रम, विद्यालयों, पंचायतों एवं अन्य संस्थानों में भी योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया गया।
इन कार्यक्रमों के सफल संचालन में लीगल एड डिफेंस काउंसिल तथा पारा लीगल वॉलंटियर्स (न्याय मित्रों) की सक्रिय भूमिका रही। विभिन्न संस्थानों के सदस्यों एवं लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक योग सत्र में भाग लिया और स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज की ओर से आमजन से योग के महत्व को समझने, नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई। योग दिवस के इस आयोजन ने न्यायिक परिवार के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।