कालापाथर के पास छापेमारी अभियान में कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू
बोकारो, प्रतिनिधि।
जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बार फिर कार्रवाई की है। इसी क्रम में कालापाथर के समीप मुख्य मार्ग पर अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन को क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
शिकायतों के आधार पर खान विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने कालापाथर के समीप मुख्य सड़क पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक ट्रैक्टर को संदिग्ध स्थिति में रोककर जांच की गई, जिसमें बिना वैध कागजात के बालू परिवहन किए जाने का मामला सामने आया।
जांच के बाद संबंधित ट्रैक्टर को विधिवत जब्त कर चास मुफस्सिल थाना को सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अभियान में खान निरीक्षक सीताराम टुडू, खान निरीक्षक अजय कुमार महतो समेत पुलिस बल के जवान सक्रिय रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनिज कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी नियमित रूप से छापेमारी अभियान जारी रहेगा, ताकि राजस्व की क्षति रोकी जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।
