बरहरवा, संवाददाता।
राजकीय रेल थाना (जीआरपी) बरहरवा की अभिरक्षा से फरार हुआ मोबाइल चोरी का आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। आरोपी की तलाश में जीआरपी पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिल पाई है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी के फरार होने की घटना के बाद से ही जीआरपी पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर बाबू वंशी साह के नेतृत्व में गुमानी, कोटालपोखर, पाकुड़ समेत कई संदिग्ध स्थानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। इसके बावजूद फरार आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जून की देर रात रेलवे यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए थे। गिरफ्तारी के बाद बरहरवा आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बरहरवा के सुपुर्द कर दिया था।
बताया जाता है कि शनिवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाना था। इसी बीच करीब 12:30 बजे जीआरपी थाना परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में मौजूद एक आरोपी चांद शेख (25 वर्ष), पिता लालू शेख, निवासी पीरतल्ला, पाकुड़, पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद मौका पाकर फरार हो गया। आरोपी के भाग निकलने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और उसकी तलाश में विशेष अभियान शुरू कर दिया गया।
घटना के बाद जीआरपी थाना प्रभारी बुद्धदेव उरांव के बयान पर फरार आरोपी चांद शेख के विरुद्ध फरारी का अलग मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में जीआरपी थाना कांड संख्या 30/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, इस मामले को लेकर रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।