मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने छात्रा आराध्या राय की रचनात्मकता की सराहना की
रांची, प्रतिनिधि।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्रा कुमारी आराध्या राय को झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद की ‘लोगो (प्रतीक चिन्ह) डिजाइन’ प्रतियोगिता में विजेता चुने जाने पर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में रचनात्मकता, नवाचार और तकनीकी सोच को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कुमारी आराध्या राय द्वारा तैयार किया गया प्रतीक चिन्ह झारखंड के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के विजन को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है। यह न केवल आधुनिक सोच को दर्शाता है, बल्कि राज्य के विकास और नवाचार आधारित भविष्य की दिशा को भी प्रतिबिंबित करता है।
ज्ञात हो कि झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद द्वारा आयोजित लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इनमें कुमारी आराध्या राय के अभिनव, आकर्षक एवं सृजनात्मक डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। उनके डिजाइन को परिषद के नए आधिकारिक प्रतीक चिन्ह के रूप में चयनित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवा प्रतिभाशाली हैं और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने से वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।
सम्मान समारोह के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं विधायक विकास मुंडा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
