पतना, प्रतिनिधि।
भारतीय जनता पार्टी पतना प्रखंड इकाई की ओर से मंगलवार को प्रखंड अध्यक्ष कुणाल किशोर मंडल की अध्यक्षता में महान शिक्षाविद, राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष कुणाल किशोर मंडल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था का विरोध करते हुए राष्ट्रीय एकीकरण के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलकर ही देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन एवं योगदान को याद करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष चौकीदार हांसदा, प्रखंड महामंत्री रोहित रजक, प्रखंड उपाध्यक्ष बास्की मंडल, कोषाध्यक्ष भोला शाह, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष श्याम कुमार तुरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
