बरहरवा, संवाददाता।
जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को बरहरवा थाना परिसर में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं मोहल्लों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित मामलों के निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।

थाना दिवस में मुख्य रूप से भूमि विवाद, आपसी विवाद तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस पदाधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनके मामलों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराने का प्रयास किया गया, जिससे फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया।
बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि थाना दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में भूमि संबंधी दो मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी गई तथा उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर समाधान सुनिश्चित कराया गया।

थाना प्रभारी ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य आम लोगों को न्याय सुलभ कराना तथा छोटी-छोटी समस्याओं का समय पर समाधान करना है, ताकि विवाद बढ़ने से पहले ही उनका निस्तारण हो सके। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की कानूनी सहायता या शिकायत दर्ज करानी हो तो वह निःसंकोच थाना पहुंचकर अपनी समस्या रखे। पुलिस प्रशासन आम जनता की सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
उन्होंने यह भी कहा कि थाना दिवस जैसे कार्यक्रमों से जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ता है और स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाले विवादों के समाधान में भी मदद मिलती है। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक मामलों का निष्पक्ष एवं त्वरित निपटारा कर लोगों को राहत प्रदान की जाए।