लापरवाही पर होगी कार्रवाई, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का दिया निर्देश
साहिबगंज, प्रतिनिधि।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) 2026 के सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी संचालन को लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने साहिबगंज सदर प्रखंड कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए इस कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संपन्न किया जाए।

प्रशिक्षण में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्धारित अवधि के भीतर सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) पहुंचाया जाएगा। इसके बाद प्राप्त हस्ताक्षरित गणना प्रपत्रों के आधार पर योग्य मतदाताओं को एसआईआर-2026 की प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गणना प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण का कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रह जाए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एएसडीडीएफ (Absent, Shifted, Dead, Duplicate and Refused to Sign/Foreigners) श्रेणी के मतदाताओं की पहचान और सत्यापन प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि ऐसे मतदाताओं की सूची का प्रकाशन ईसीआई-नेट, जिला प्रशासन की वेबसाइट तथा संबंधित मतदान केंद्रों पर किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को जानकारी प्राप्त हो सके और वे समय रहते अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकें।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण में नियमित रूप से भाग लेने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में सभी संबंधित कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से भी अपील की है कि वे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएं। गणना प्रपत्र से संबंधित आवश्यक जानकारियां समय पर उपलब्ध कराकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो सके।