बरहरवा, प्रतिनिधि।
आगामी मोहर्रम पर्व .को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को बरहरवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने की। बैठक में मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले जुलूस, अखाड़ा प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में विधायक प्रतिनिधि बरक्कत खान, थाना इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा तथा प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडु मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं मोहर्रम कमिटी के सदस्यों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पर्व के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक सुझावों का आदान-प्रदान किया गया।
बैठक के दौरान मोहर्रम जुलूस के रूट चार्ट पर विशेष रूप से चर्चा की गई। जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय-सारिणी, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कमिटी के सदस्यों से प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने कहा कि मोहर्रम आस्था और अनुशासन का पर्व है। इसे आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति के साथ मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा तथा सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कमिटी सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया तथा शांतिपूर्ण वातावरण में मोहर्रम मनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मौके पर नेहाल आलम, अश्वानी आनंद, छोटे लाल रमानी, मनोहर लाल चौहान, फिरोज खान, धर्मवीर महतो, मोहम्मद इकबाल, सारिक रब्बानी, थॉमस रोबोट, मिराज शेख सहित मोहर्रम कमिटी के सदस्य, समाजसेवी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। बैठक का समापन आपसी सहयोग एवं सौहार्द बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
