रांची, प्रतिनिधि।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग, पथ निर्माण विभाग तथा पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजधानी रांची के समग्र शहरी विकास, आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति एवं पर्यटन विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य में संचालित सभी विकास कार्यों में पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि प्राकृतिक संसाधनों को क्षति न पहुंचे। साथ ही, वृक्षारोपण अभियान को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने रांची स्मार्ट सिटी परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं जनहितकारी स्वरूप देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत संचालित योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे, इसके लिए योजनाओं को व्यावहारिक रूप से लागू किया जाए। इस दौरान ई-ऑक्शन एवं अन्य माध्यमों से राजस्व सृजन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत उपलब्ध संसाधनों और परिसंपत्तियों का योजनाबद्ध एवं समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
बैठक में विभागीय मास्टर प्लान के अंतर्गत परिसंपत्तियों के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सीमित संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर विकास योजनाओं को गति देना आवश्यक है। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों का निष्पादन समयबद्ध तरीके से किया जाए।
पर्यटन विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान विभिन्न परियोजनाओं का 3D एनीमेशन एवं वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से अवलोकन किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य के पर्यटन स्थलों के समग्र विकास, उनकी आकर्षक प्रस्तुति, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झारखंड के प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।
बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव श्री प्रशांत कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री अरवा राजकमल, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री सुनील कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
