रांची, प्रतिनिधि।
राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ और सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने कनेक्टिंग फ्लाईओवर परियोजनाओं पर तेजी लाने के संकेत दिए हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के समक्ष आज झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सिरमटोली से कांटा टोली को जोड़ने वाले प्रस्तावित कनेक्टिंग फ्लाईओवर के कार्य प्रगति से संबंधित विस्तृत पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।

प्रस्तुतीकरण के दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भू-अर्जन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को यथाशीघ्र पूरा किया जाए, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समयबद्ध तरीके से परियोजना को धरातल पर उतारना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में करम टोली से साइंस सिटी, चिरौंदी तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण योजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को भी शहर की बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने योजना के तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रांची शहर में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए सड़कों पर बने डिवाइडरों की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर डिवाइडरों में अनावश्यक कट्स बने हुए हैं, जिससे दुर्घटना और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे सभी अनावश्यक कट्स को चिन्हित कर तत्काल बंद करने की कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि रांचीवासियों को बेहतर और सुरक्षित ट्रैफिक व्यवस्था उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख श्री प्रवीण जयंत भेंगरा, मुख्य अभियंता (सीडीओ) श्री विजय रंजन तथा उप सचिव प्रबंधन श्री विक्रम प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
