बरहरवा, संवाददाता।
फरक्का–पाकुड़ रेलखंड के अंतर्गत बोनीडांगा स्टेशन एवं लिंक केबिन के बीच मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव बोर्ड संख्या 32 के समीप रेलवे पटरी पर पड़ा मिला। मृतक की उम्र लगभग 27 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी सूरज यादव दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद बरहरवा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक छानबीन की।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
इधर, रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना से आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मृतक की पहचान एवं घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।