पतना, प्रतिनिधि।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भाजपा पतना प्रखंड इकाई के तत्वावधान में जेएसएमडीसी बड़ा दिग्घी फुटबॉल मैदान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

योगाभ्यास के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है बल्कि मानसिक शांति एवं आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जी सकता है।

भाजपा प्रखंड अध्यक्ष कुणाल किशोर मंडल ने कहा कि योग आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य एवं कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रखंड उपाध्यक्ष सुंदरु मालतो, आईटी संयोजक संजय तुरी, सह संयोजक उत्तम कुमार भगत, प्रखंड प्रतिनिधि जितेंद्र तुरी, जिला उपाध्यक्ष चौकीदार हांसदा, एसटी मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष श्याम तुरी, पंचायत सह संयोजक राजेश मंडल, सूर्यकुमार मालतो, चेतन हेंब्रम सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन योग के महत्व एवं स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश के साथ किया गया। उपस्थित लोगों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी भूमिका को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।