कोलकाता, (सा.सं.)।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में सत्ता परिवर्तन के बाद भी सियासी तल्खी कम होती नजर नहीं आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में बड़ा बदलाव किया। हालांकि उन्होंने अपने बायो से “माननीय मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल” हटाया, लेकिन अपने नाम के आगे “पूर्व मुख्यमंत्री” शब्द जोड़ने से परहेज किया।
शनिवार सुबह तक ममता बनर्जी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) के बायो में उन्हें “माननीय मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल” बताया गया था। लेकिन जैसे ही शुभेंदु अधिकारी ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, उसके कुछ समय बाद ममता ने अपना प्रोफाइल अपडेट कर लिया।
नए बायो में ममता बनर्जी ने खुद को “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री (15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा)” के रूप में उल्लेखित किया है। राजनीतिक हलकों में इसे सत्ता परिवर्तन के बाद भी उनके आक्रामक राजनीतिक रुख के रूप में देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
ममता बनर्जी द्वारा प्रोफाइल तुरंत अपडेट नहीं किए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने एक्स और उसके मालिक एलोन मस्क को टैग करते हुए मांग की कि ममता का बायो बदला जाए। कुछ यूजर्स ने तो उनका अकाउंट निलंबित करने तक की मांग कर डाली।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि बंगाल की बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों और टीएमसी-भाजपा के बीच बढ़ते टकराव को भी दर्शाता है।
हार के बाद भी नरम नहीं पड़ा रुख
विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद भी ममता बनर्जी ने अपने तेवर नरम नहीं किए हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने स्पष्ट कहा था कि वह लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं देंगी। इसके बाद राज्यपाल आर. एन. रवि ने विधानसभा भंग कर दी थी, जिसके साथ ही ममता बनर्जी का कार्यकाल स्वतः समाप्त हो गया।
उधर, भाजपा खेमे में शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्साह का माहौल है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भी टीएमसी और भाजपा के बीच राजनीतिक संघर्ष आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है।