पीएम मोदी को झुककर किया प्रणाम, समारोह में अमित शाह समेत 20 राज्यों के मुख्यमंत्री रहे मौजूद
कोलकाता, सा.सं.।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राजभवन में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ली।
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सुवेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और झुककर उनका प्रणाम किया। इस भावुक क्षण ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए गले लगाया।
समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष, एनडीए घटक दलों के वरिष्ठ नेता तथा भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के करीब 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम को भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन के रूप में प्रस्तुत किया।

पांच मंत्रियों ने भी ली शपथ
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निषिथ प्रमाणिक शामिल हैं। सभी मंत्रियों को राज्यपाल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार नई सरकार में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है। भाजपा ने बंगाल में अपने संगठनात्मक आधार को मजबूत करने वाले नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी है।
पीएम मोदी ने टैगोर को दी श्रद्धांजलि
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने टैगोर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इसके बाद पीएम मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ एवं 98 वर्षीय कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को मंच पर सम्मानित किया। प्रधानमंत्री स्वयं उनके पास पहुंचे, उन्हें शॉल ओढ़ाया और सम्मान स्वरूप उनके चरण स्पर्श किए। इस दौरान माखनलाल सरकार ने भी प्रधानमंत्री को गले लगाकर आशीर्वाद दिया। यह दृश्य समारोह का विशेष आकर्षण बना रहा।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता के परेड ग्राउंड तक भव्य रोड शो किया। विशेष रूप से तैयार रथ पर दोनों नेता एक साथ जनता का अभिवादन करते नजर आए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी उनके साथ मौजूद थे।
भाजपा के अनुसार कार्यक्रम स्थल और रोड शो के दौरान करीब एक लाख लोगों की भीड़ मौजूद रही। पूरे क्षेत्र को भगवा झंडों और भाजपा के बैनरों से सजाया गया था। समर्थकों ने “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ नेताओं का स्वागत किया।
आध्यात्मिक स्वभाव के लिए जाने जाते हैं सुवेंदु
सुवेंदु अधिकारी का जन्म वर्ष 1970 में पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोंतली गांव में हुआ था। बचपन से ही उनका झुकाव अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों की ओर रहा। बताया जाता है कि वे नियमित रूप से रामकृष्ण मिशन जाया करते थे और घर में जमा सिक्कों को भी चुपचाप दान कर आते थे।
उनकी धार्मिक प्रवृत्ति को देखकर परिवार के लोगों को आशंका रहती थी कि कहीं वे संन्यास न ले लें। हालांकि सुवेंदु ने राजनीति को अपना मार्ग चुना और जीवनभर अविवाहित रहने का निर्णय लिया।
उन्होंने 1980 के दशक के अंतिम वर्षों में कांथी के प्रभात कुमार कॉलेज से छात्र राजनीति की शुरुआत की। धीरे-धीरे पूर्व मेदिनीपुर और फिर पूरे बंगाल की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की। आज वे राज्य की सत्ता के शीर्ष पद तक पहुंच गए हैं।