जिला शिक्षा अधीक्षक सह खेल पदाधिकारी ने दी शुभकामनाएं
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड रांची द्वारा राज्य स्तरीय खेल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता फुटबॉल के आयोजन के लिए साहिबगंज जिले से चयनित 09 बालक खिलाड़ी आज रांची के लिए रवाना हुए। ये सभी खिलाड़ी 6 एवं 7 अक्टूबर को होटवार, रांची स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता (फुटबॉल) में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह प्रतियोगिता झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित आवासीय एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षुओं के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु आयोजित की जा रही है। साहिबगंज जिले के इन चयनित खिलाड़ियों का चयन पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया था।
खिलाड़ियों को रवाना करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक सह जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष ने सभी प्रतिभागियों को सफलता की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले के युवा खिलाड़ी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, प्रशिक्षक योगेश यादव, जिम ट्रेनर गौरव झा समेत अन्य पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। रवाना होते समय सभी खिलाड़ियों में उत्साह एवं जोश देखा गया।
राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले साहिबगंज जिले के खिलाड़ी:
10 से 14 वर्ष आयु वर्ग:
ब्लेसिंग टुडू
मुनकुच हांसदा
सैमुएल हेंब्रम
बड़ा लालू किस्कू
रोहित मुर्मू
जेवियार सोरेन
16 से 22 वर्ष आयु वर्ग:
सानू हेंब्रम
इश्तियाक शेख
इन सभी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से जिलेवासियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है। खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों की यात्रा व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधा सुनिश्चित की गई है ताकि वे बिना किसी असुविधा के प्रतियोगिता में भाग ले सकें।