जिला स्तरीय अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। *बैठक के दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विरुद्ध होने वाले अत्याचारों की रोकथाम, दर्ज मामलों की अद्यतन स्थिति, पीड़ितों को दी जाने वाली सहायता राशि तथा न्यायिक प्रक्रिया की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।* *जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज 31 मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ितों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए।* *पुलिस अधीक्षक ने बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष एवं त्वरित अनुसंधान किया जाए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि समाज में कानून का प्रभावी अनुपालन हो सके।* *बैठक में निर्देश दिया गया कि पीड़ित परिवारों को आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जाए तथा उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। इसके अतिरिक्त संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।* *बैठक के दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के हितों की सुरक्षा, सामाजिक न्याय को सुदृढ़ करने तथा समाज में समानता और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।*
*इस अवसर पर सिविल सर्जन गोड्डा डॉ0 एससी शर्मा,जिला कल्याण पदाधिकारी सहित, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी श्री प्रमोद यादव,संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण, माननीय विधायक प्रतिनिधि एवं समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।*