मिर्जाचौकी, संवाददाता।
साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में हाईवा चालक की करंट लगने से मौत हो गई। 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से चालक की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के जमुई जिले निवासी अजय कुमार मां तारा रोडलाइंस के हाईवा ट्रक (संख्या- BR 52P 7761) का चालक था। उसका वाहन मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के कीर्तनिया स्थित मां तारा धर्मकांटा के पीछे खड़ा था। बताया जाता है कि रात के समय चालक ट्रक के ऊपर चढ़कर तिरपाल बांधने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अंधेरे के कारण उसे ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन बिजली तार दिखाई नहीं दी।
तिरपाल बांधते समय अचानक उसका शरीर बिजली के तार के संपर्क में आ गया। हाई वोल्टेज करंट लगते ही चालक गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही मिर्जाचौकी थाना के सब-इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार प्रभाकर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, साहिबगंज भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि ट्रक खड़ा करने वाले स्थान के आसपास से गुजर रही हाई टेंशन तारों के प्रति पर्याप्त सावधानी बरती जाती या वहां चेतावनी संबंधी संकेत लगाए गए होते तो संभवतः इस हादसे को टाला जा सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
इधर, हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असामयिक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।