30 सितंबर 2025 तक चलेगा अभियान
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज श्री अखिल कुमार के मार्गदर्शन में जिले में 90-दिवसीय विशेष मध्यस्थता (Mediation) प्रचार-प्रसार अभियान संचालित किया जा रहा है। यह विशेष अभियान आगामी 30 सितंबर, 2025 तक चलेगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य मध्यस्थता को विवाद निवारण का एक प्रभावी, त्वरित और सुलभ साधन के रूप में आम जनता तक पहुँचाना है। इसके तहत जिलेभर में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल, चौक-चौराहों सहित भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पंपलेट, बैनर और पोस्टर के माध्यम से लोगों को मध्यस्थता की प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है।

अभियान के दौरान बताया गया कि मध्यस्थता एक वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR) प्रक्रिया है, जिसमें विवादित पक्ष आपसी संवाद और सहयोग के माध्यम से निष्पक्ष मध्यस्थ की सहायता लेकर अपने विवादों का समाधान कर सकते हैं। यह प्रक्रिया न केवल त्वरित और कम खर्चीली है, बल्कि आपसी सौहार्द बनाए रखने में भी सहायक है।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज के सचिव श्री बिश्वनाथ भगत ने जानकारी देते हुए कहा कि “90-दिवसीय विशेष मध्यस्थता अभियान का मकसद है कि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया से जुड़ें और छोटे-छोटे विवादों को अदालत तक ले जाने के बजाय आपसी सहयोग और मध्यस्थता से सुलझाएं। साथ ही न्यायालयों में लंबित सुल्हनीय वादों का भी समाधान मध्यस्थता से किया जा सकता है। इससे न केवल न्यायालयों पर बोझ कम होगा बल्कि समाज में शांति और सौहार्द भी स्थापित होगा।”
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे मध्यस्थता की प्रक्रिया को अपनाकर त्वरित, सुलभ और निशुल्क न्याय का लाभ उठाएँ। जिला विधिक सेवा प्राधिकार का यह प्रयास समाज में न्याय सुलभ बनाने और जन जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
