source:- Maksud Mallik
साहिबगंज/ बरहरवा।
पवित्र माह-ए-रमज़ान के अवसर पर बरहरवा प्रखंड के इस्लामपुर स्थित आवास पर शनिवार को पाकुड़ की विधायक निसात आलम की ओर से भव्य दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बरहरवा प्रखंड एवं नगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में रोजेदारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा आम नागरिकों ने भाग लेकर रमज़ान की बरकतों में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में इफ्तार से पूर्व सभी रोजेदारों ने देश में अमन-चैन, भाईचारा, तरक्की और खुशहाली के लिए सामूहिक रूप से दुआ मांगी। इसके बाद सभी ने एक साथ इफ्तार कर आपसी सौहार्द और एकता का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं तथा लोगों के बीच आपसी रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाते हैं।
कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. तनवीर आलम ने सभी अतिथियों, रोजेदारों और उपस्थित गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रमज़ान का पवित्र महीना सब्र, त्याग, सेवा और इंसानियत का संदेश देता है। इस महीने में लोगों को जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज में प्रेम और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने का संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता और आपसी विश्वास को मजबूती मिलती है।
दावत-ए-इफ्तार में राजमहल विधायक मो० ताजुद्दीन, राजमहल विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ, विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, साहिबगंज के डीडीसी नेहल अख्तर, सिविल सर्जन साहिबगंज, अंचलाधिकारी अनोज कुमार, आरईओ के कार्यपालक अभियंता, राजमहल एसडीओ, राधानगर थाना प्रभारी अमन कुमार मिंज, एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, कोटालपोखर थाना प्रभारी चंदन कुमार, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, दिलदार आलम, समीम मंसूरी, रंजीत भंडारी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने विधायक निसात आलम, डॉ. तनवीर आलम तथा उनके परिवार के सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की। बरहरवा में आयोजित यह सामूहिक इफ्तार कार्यक्रम आपसी सद्भाव, भाईचारा और सामाजिक एकता का एक सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।
इस्लामपुर में विधायक निसात आलम की दावत-ए-इफ्तार, रोजेदारों ने अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ

