बरहरवा, प्रतिनिधि।
बरहरवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या–3 के वार्ड पार्षद अमित कुमार भारती के लिखित प्रयास के बाद स्टेशन चौक स्थित सड़क पर बने खतरनाक गड्ढे की मरम्मत को लेकर प्रशासन ने तेजी दिखानी शुरू कर दी है। लंबे समय से यह गड्ढा दुर्घटनाओं का कारण बन रहा था, जिससे आम राहगीरों, बिंदुधाम मेला जाने वाले श्रद्धालुओं तथा रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

स्टेशन चौक नगर का अत्यंत व्यस्ततम इलाका है। इसी मार्ग से होकर श्रद्धालु प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बिंदुधाम मेला के लिए प्रस्थान करते हैं, वहीं प्रतिदिन सैकड़ों यात्री रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए इसी सड़क का उपयोग करते हैं। सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढे के कारण कई बार वाहन असंतुलित हो जाते थे और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। विशेषकर मेला के दौरान वाहनों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह समस्या और भी गंभीर हो गई थी।
स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद वार्ड पार्षद अमित कुमार भारती ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को लिखित आवेदन सौंपकर अविलंब मरम्मत कार्य कराने की मांग की। उनके पहल के बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए गड्ढे की भराई एवं सड़क समतलीकरण का कार्य प्रारंभ करा दिया।
मरम्मत कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल है। श्रद्धालुओं और यात्रियों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि अब मेला के दौरान आवागमन सुगम होगा और दुर्घटना की आशंका कम होगी। खासकर रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अब समय पर आवागमन में सुविधा मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने वार्ड पार्षद की सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि नगर क्षेत्र की अन्य जर्जर सड़कों की भी शीघ्र मरम्मत कराई जाएगी। प्रशासन ने भी संकेत दिए हैं कि नगर पंचायत क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराए जाएंगे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।

