रात ढाई बजे हुआ हादसा, कोई हताहत नहीं; सुबह कड़ी मशक्कत के बाद पंडाल को किया गया सीधा
साहिबगंज, प्रतिनिधि।
जिला मुख्यालय स्थित बड़ी चैती मंदिर परिसर में महाभारत पर आधारित लगभग 70 फीट ऊंचा भव्य पंडाल देर रात अचानक क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़ा। घटना शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

पंडाल गिरने के कारण मंदिर के समीप से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-80) पूरी तरह से बाधित हो गया, जिससे वाहनों और आम लोगों का आवागमन प्रभावित रहा। रात में ही घटना की खबर पूरे शहर में फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
सुबह होते ही पूजा समिति के सदस्यों और पंडाल निर्माण में लगे कारीगरों ने स्थिति को संभालने के लिए प्रयास तेज कर दिए। करीब सात बजे हाइड्रा मशीन को मौके पर बुलाया गया। मशीन की मदद से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गिरे हुए पंडाल को उठाकर पुनः सीधा कर दिया गया, जिससे धीरे-धीरे यातायात भी सामान्य होने लगा।

वहीं, पंडाल निर्माण से जुड़े कारीगर और पेंटर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत में जुट गए हैं, ताकि पूजा आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए। स्थानीय लोगों के अनुसार पंडाल की भव्यता और ऊंचाई को देखते हुए यह शहर का प्रमुख आकर्षण था।
घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है और सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

