उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने दिए निर्देश – निष्पक्ष, पारदर्शी व कदाचारमुक्त माहौल में परीक्षा कराना सुनिश्चित करें
साहिबगंज, प्रतिनिधि।
झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची के निर्देशानुसार यह परीक्षा 19 अप्रैल, 2026 (रविवार) को जिले के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। दोनों पालियों में वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न पूछे जाएंगे तथा प्रत्येक प्रश्नपत्र की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा से पूर्व केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन एवं पूर्वाभ्यास सुनिश्चित करें। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 का सख्ती से पालन कराया जाए तथा अनावश्यक भीड़-भाड़ पर पूर्ण नियंत्रण रखा जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पूर्व पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। सभी परीक्षार्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) एवं एक वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, अपर समाहर्त्ता गौतम कुमार भगत, जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने भरोसा जताया कि सभी के समन्वित प्रयास से परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई जाएगी।

