रांची, प्रतिनिधि।
राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में गुरुवार को मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (आईटीएटी), रांची बेंच के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान न्यायाधिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें रांची बेंच के लिए स्थायी भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने का विषय प्रमुख रूप से उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल में आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण के न्यायिक सदस्य श्री जॉर्ज मथान, लेखा सदस्य (अकाउंटेंट मेंबर) श्री रत्नेश सहाय, अधिवक्ता श्री देवेश पोद्दार तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री जयशंकर जयपुरिया शामिल थे। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष रांची बेंच के सुचारू संचालन और न्यायिक कार्यों की बेहतर व्यवस्था के लिए एक समुचित भवन की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पर्याप्त आधारभूत संरचना के अभाव में कार्य निष्पादन प्रभावित हो रहा है, जिससे करदाताओं और अधिवक्ताओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में न्यायाधिकरण के लिए स्थायी भवन का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने कहा कि आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण, रांची बेंच के लिए भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर शीघ्र ही विचार कर अनुकूल निर्णय लिया जाएगा, ताकि न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार भी उपस्थित थे। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और प्रशासनिक सहयोग को लेकर सकारात्मक संकेत मिले।
