रांची, प्रतिनिधि।
राजधानी रांची में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले “मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार सह मुखिया सम्मेलन 2026” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में निदेशक, पंचायती राज, झारखंड, श्रीमती बी. राजेश्वरी ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।

मुलाकात के दौरान निदेशक ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, तैयारियों एवं इसके महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह प्रमंडलीय स्तरीय समारोह 24 अप्रैल 2026 को खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें दक्षिणी छोटा नागपुर प्रमंडल के विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम में मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत समिति के प्रमुख, जिला परिषद अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
निदेशक ने यह भी बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाना, उनके कार्यों को प्रोत्साहन देना तथा ग्रामीण स्वशासन की व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना है। साथ ही, यह मंच पंचायत प्रतिनिधियों के बीच संवाद, अनुभव साझा करने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देने का अवसर भी प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विकास और स्थानीय स्वशासन को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस तरह के आयोजनों से जमीनी स्तर पर विकास को नई गति मिलेगी।
