रांची, प्रतिनिधि।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डा परिसर में निर्माणाधीन स्टेट हैंगर एवं उससे जुड़े आधारभूत संरचना कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध निष्पादन को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक भी की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र और सतत विकास के लिए आधुनिक एवं मजबूत आधारभूत संरचनाओं का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। ऐसी परियोजनाएं न केवल प्रशासनिक कार्यक्षमता को बढ़ाती हैं, बल्कि झारखंड की प्रगतिशील छवि को भी सुदृढ़ करती हैं।

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में नवीनतम तकनीकों के उपयोग पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि अत्याधुनिक संसाधनों और प्रभावी प्रबंधन प्रणाली को अपनाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता की गुंजाइश न रहे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति रिपोर्ट तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री अरवा राजकमल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
