रांची, प्रतिनिधि।
राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पुलिस सेवा में नव पदस्थापित वरिष्ठ अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों ने अपनी नई जिम्मेदारियों के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया और राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य में शांति, सुरक्षा और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही, आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर आईजी जैप सुनील भास्कर, वरीय पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर पीयूष पांडेय, पुलिस अधीक्षक हजारीबाग अमन कुमार तथा पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां निधि द्विवेदी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन को अपने कार्यकाल में लागू करने का भरोसा दिलाया।
मुलाकात का माहौल औपचारिक होने के साथ-साथ सकारात्मक और प्रेरणादायक रहा, जिसमें राज्य की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
